बलरामपुर में एक पड़ोसी ने 13 साल की बच्ची को जिंदा जलाकर मार डाला। आरोपित ने पहले उसे जमकर पीटा फिर मिट्टी का तेल उड़ेलकर आग लगा दी। इसके बाद कमरे को बाहर से बंद कर भाग गया। घर लौटी मां ने दरवाजा खोला तो बेटी का जला शव देख उसकी चीख निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जिले के सोनौढ़ी गांव का है। यहां मृतका वंदना चौरसिया (13) पिता विश्राम व मां फूला देवी और एक पांच साल की बहन खुशबू के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम पड़ोस में रहने वाला रामू बढ़ई अपने घर में खाना खा रहा था। इसी बीच विश्राम के घर की तरफ से एक पत्थर उसकी थाली में आकर गिरा। गुस्से में रामू, विश्राम के घर पहुंचा। उस समय घर में विश्राम की 13 वर्षीय पुत्री वंदना व पांच साल की खुशबू ही मौजूद थीं। रामू ने घर में पहुंचते ही वंदना को पीटना शुरू कर दिया। वंदना कमरे के अंदर भागी तो रामू ने कमरे में रखा मिट्टी का तेल उसके ऊपर डाल कर आग लगा दी। वंदना के जलते ही रामू बाहर से दरवाजे की कुंडी बंद कर फरार हो गया।घटना के समय वंदना का पिता विश्राम काम के सिलसिले में बाहर था। वहीं, मृतका की मां फूला देवी खेत गई थी। जब फूला घर में पहुंची तो उसने दरवाजा खोला। कमरे के अंदर वंदना का जला हुआ शव पड़ा था। खौफनाक मंजर देख मृतका की मां की चीख निकल गई। चीखें सुनकर मौके पर ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा ने बताया कि बंदरों को भगाने के लिए बच्चों ने पत्थर फेंका था, जो रामू बढई के खाने की थाली में गिर गया। आवेश में आकर रामू ने वंदना की पिटाई कर दी। इसके बाद केरोसिन डालकर जला दिया। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बलरामपुर मे 13 साल की बच्ची को पड़ोसी ने जिंदा जलाया-मौत,